Sonipat: ठेका कर्मचारियों का हटाए जाने के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, बेचे फल

सोनीपत: बिजली निगम में ठेके पर लगे कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में मंगलवार को आईटीआई चौक पर प्रदर्शन किया गया। जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में ठेका कर्मचारियों ने सड़क किनारे फल बेचकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। संजय बड़वासनिया ने कहा कि सरकार और प्रशासन युवाओं के साथ धोखा कर रहे हैं। ठेका प्रथा पूरी तरह शोषण का माध्यम बन चुकी है। इसमें कर्मचारी 12-12 घंटे काम करते हैं, परंतु जब चाहें हटा दिया जाता है। इससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने वादा किया था कि अगर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आती है तो सभी ठेका कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा, परंतु अब वादा भूलकर उन्हें हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार से युवा परेशान हैं। रोजगार छिनने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है। आज वही युवा, जिनके हाथों में प्रदेश का भविष्य है, सड़क पर रेडी लगाकर फल बेचने को मजबूर हैं। यह स्थिति सरकार की नीतियों की असफलता दर्शाती है। कर्मचारियों ने मांग की कि हटाए गए सभी कर्मियों को पुनः बहाल किया जाए और उन्हें हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्थायी कार्य दिया जाए। इस अवसर पर राजवीर सैनी, कुलदीप, प्रमोद, राहुल, तरुण, आजाद, अमन शर्मा, प्रदीप, नरेंद्र शर्मा, दिनेश, दीपक शर्मा, राजकुमार, साहिल, विकास, अमन, सचिन, हनी, विवेक, वजीर, राकेश, सुमित, राहुल और मनीष सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।





