हरियाणा

Sonipat: जनहित को प्राथमिकता देने का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया आह्वान

Admindelhi1
6 Jun 2026 12:09 PM IST
Sonipat: जनहित को प्राथमिकता देने का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया आह्वान
x
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसेवा और संगठन सुदृढ़ीकरण पर दिया जोर

सोनीपत: गन्नौर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की एकजुटता बढ़ाने, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व सांसद रमेश कौशिक, गन्नौर विधानसभा प्रभारी एवं मुकेश शर्मा, पूर्व विधायक निर्मल चौधरी, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी सतीश नांदल, जिला महामंत्री नीरज ठरू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आजाद सिंह नेहरा तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

पूर्व सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विधायक मुकेश शर्मा ने बूथ स्तर के संगठन को चुनावी सफलता की आधारशिला बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। वहीं निर्मल चौधरी ने अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन हित में कार्य करने पर जोर दिया।

जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की निरंतर सफलता का आधार है। बैठक में बूथ सशक्तीकरण, सदस्यता विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, जनसेवा और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Next Story