हरियाणा

दिल्ली वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सोनीपत के खिलाड़ियों ने लहराया परचम

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:22 AM IST
दिल्ली वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सोनीपत के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
x
वेटलिफ्टिंग में सोनीपत के युवाओं का दमदार प्रदर्शन, प्रथम और संभव का चयन

सोनीपत: दिल्ली में आयोजित यूथ दिल्ली स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित कुल सात पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिला है।

प्रतियोगिता के यूथ वर्ग में प्रथम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि परवेज ने रजत और रिहान ने कांस्य पदक जीता। संभव ने भी यूथ वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।

जूनियर वर्ग में प्रथम ने एक और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी वर्ग में संभव ने कांस्य पदक हासिल किया। सीनियर वर्ग में हिमांशु ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

प्रथम और संभव का चयन मोदीनगर में आयोजित होने वाली यूथ राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इसके अलावा प्रथम ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में होने वाली जूनियर राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया है।

रविवार को विजेता खिलाड़ियों के विद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवार्डी एवं खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, संस्थापक सतप्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया और एकेडमिक निदेशक डॉ. सुभोध दहिया ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्कूल में शिक्षा के साथ खेलों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। यहां साई खेल केंद्र और खेल नर्सरी संचालित हैं, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कराया जाता है।

खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल सुविधाओं और नियमित अभ्यास से उन्हें राज्य स्तर पर पदक जीतने में मदद मिली है।

विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Next Story