Sonipat: परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर अर्चना गुप्ता का निशाना

सोनीपत: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को गोहाना में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान चला रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए काम करने को कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद हावी है जबकि भाजपा में कार्यकर्ता के परिश्रम को सम्मान मिलता है।
सोनीपत रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित हवन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूर्णाहुति डालकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप सांगवान के साथ कार्यकर्ताओं को फल वितरित किए।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर और मोतियाबिंद मुक्त हरियाणा सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दिया अभियान के तहत प्रदेश में सवा करोड़ से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अभियान में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए इनोवेशन चैलेंज शुरू किया गया है। कार्यकर्ता और नागरिक भाजपा हरियाणा नमो सेवा पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी रुचि के अनुसार सेवा गतिविधियों से जुड़ सकते हैं। कांग्रेस को लेकर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा परिवारवाद के बजाय संगठन और कार्यकर्ताओं के आधार पर काम करती है। उन्होंने कहा कि सामान्य कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण को भाजपा में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।
धान खरीद के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं और मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को परेशानी नहीं होने देगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर पूरे हरियाणा में दो घंटे का सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सफाई मित्र और आम नागरिक भी भाग लेंगे। इस अवसर पर जिला महामंत्री महेन्द्र चिडाना, जितेंद्र शर्मा, डॉ. राममेहर राठी, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, परमवीर सैनी, रमेश कश्यप, प्रवीण खुराना, मुकेश रोहिल्ला और पवन शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।





