हरियाणा

Sonipat: जीवन सुधार के लिए पॉज़िटिव थिंकिंग अपनाएँ: उपेन्द्र मुनि

Admindelhi1
21 Nov 2025 10:47 AM IST
Sonipat: जीवन सुधार के लिए पॉज़िटिव थिंकिंग अपनाएँ: उपेन्द्र मुनि
x

सोनीपत: सोनीपत जिला कारागार में गुरुवार को एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय रत्न उपेन्द्र मुनि महाराज ने कैदियों को जीवन सुधार के लिए आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। यह कार्यक्रम जेल प्रशासन की सकारात्मक सुधार-सकारात्मक समाज पहल के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य कैदियों के मनोबल को बढ़ाकर उन्हें सही दिशा प्रदान करना है।

उपेन्द्र मुनि महाराज ने कहा कि मनुष्य गलती कर सकता है, परंतु गलती भविष्य का निर्णय नहीं करती। भविष्य वही तय करता है कि व्यक्ति अपने पिछले अनुभवों से क्या सीख लेता है और आगे किस राह पर चलता है। उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान, संयम और क्षमा जीवन को सही दिशा देते हैं। कैदियों को नशा, क्रोध, हिंसा और नकारात्मकता से दूर रहते हुए नए संकल्पों के साथ जीवन शुरू करने का संदेश दिया।

उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता, जैन दर्शन और व्यावहारिक जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर व्यक्ति के भीतर परिवर्तन की शक्ति विद्यमान है। जेल दंड का स्थान भर नहीं, बल्कि आत्म-मंथन और आत्म-परिवर्तन की भूमि भी है। उन्होंने कैदियों को प्रेरित किया कि जेल की अवधि को एक नए जीवन की तैयारी मानें और समाज तथा परिवार के लिए सकारात्मक सोच और बेहतर आचरण अपनाएं। कार्यक्रम में कैदियों ने शांति और श्रद्धा के साथ प्रवचन सुना। कई कैदियों ने अपने जीवन में सुधार लाने की इच्छा भी व्यक्त की। उपेन्द्र मुनि महाराज ने ध्यान, प्रार्थना और मानसिक दृढ़ता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

इस अवसर पर डिप्टी जेलर दीपक हुड्डा ने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम कैदियों में नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उपेन्द्र मुनि महाराज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवचन से कैदियों में नई ऊर्जा और आशा का संचार हुआ है।

Next Story