हरियाणा

Sonipat: नाहरी में अवैध कॉलोनी के खिलाफ प्रशासन का अभियान

Admindelhi1
10 Jun 2026 11:09 AM IST
Sonipat: नाहरी में अवैध कॉलोनी के खिलाफ प्रशासन का अभियान
x

सोनीपत: सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव नाहरी की राजस्व भूमि पर विकसित की जा रही करीब साढ़े चार एकड़ की अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपायुक्त नेहा सिंह के निर्देश पर मंगलवार को की गई।

जिला नगर योजनाकार नीलम शर्मा ने बताया कि प्रशासन अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों को प्रारंभिक चरण में ही रोकने के लिए लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में एसएमडीए की टीम ने गांव नाहरी में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान दो प्रॉपर्टी डीलर कार्यालयों को हटाया गया, जबकि कॉलोनी में बनाए गए डब्ल्यूबीएम सड़क नेटवर्क, सीवर लाइन और बिजली के खंभों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

नीलम शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें। ऐसी कॉलोनियों में सड़क, पेयजल, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे लोगों की मेहनत की कमाई जोखिम में पड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलोनी में निवेश या प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और विभागीय स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें।

जिला नगर योजनाकार ने बताया कि नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति किए गए निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नियंत्रित क्षेत्र अधिनियम के तहत किसी भी समय कार्रवाई की जा सकती है।

Next Story