Sonipat: मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई

सोनीपत: त्योहारी सीजन में घेवर की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोनीपत में गुणवत्ता जांच के लिए व्यापक अभियान चलाया। विभाग की टीम ने गोहाना रोड और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न दुकानों से देसी घी, मावा और घेवर के 13 नमूने जांच के लिए लिए, जबकि खराब गुणवत्ता और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए करीब 28 किलो घेवर को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र यादव के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना था। टीम ने सबसे पहले कोर्ट रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक दुकान से नमूने लिए, इसके बाद गोहाना रोड और बड़वासनी क्षेत्र में संचालित दुकानों व अस्थायी स्टॉलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर घेवर और अन्य खाद्य सामग्री के आसपास बड़ी संख्या में मक्खियां मिलीं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर दो दुकानों से लगभग 28 किलो घेवर को खाने योग्य नहीं मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
विभाग द्वारा लिए गए सभी 13 नमूनों को अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट लगभग 14 दिनों में आने की संभावना है। यदि किसी नमूने में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ मिलने पर मामला न्यायालय में भेजकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





