
सोनीपत: सोनीपत के किलोहड़द-बड़वासनी मार्ग पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव हुल्लाहेड़ी निवासी कंवर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई सुनील शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक से किलोहड़द से बड़वासनी की ओर स्थित खेत जा रहा था। बड़वासनी-माहरा मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डायल-112 से सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके की वीडियोग्राफी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सुनील मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार उसके तीन भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। इनमें दो भाइयों की बीमारी से तथा एक की नहर में डूबने से जान गई थी। माता-पिता का भी पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार की जिम्मेदारी उसकी भाभी और चार बच्चों पर आ गई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।





