
सोनीपत: सोनीपत के गोहाना में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जहां-जहां गोहाना की जलेबी लेकर चुनावी मैदान में पहुंचे, वहां भाजपा और गठबंधन ने रिकार्डतोड़ जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार तक मुख्यमंत्री सैनी की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को भाजपा के पक्ष में मजबूती दी।
72वें अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के राज्य स्तरीय समारोह के शुभारंभ पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को जलेबी खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोहाना की जलेबी चुनावी शुभ संकेत बन चुकी है। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने महाराष्ट्र और दिल्ली में भी जनसमर्थन जुटाया, और अब बिहार में उनकी मौजूदगी ने भाजपा एवं सहयोगी दलों को मजबूती दी है।
डॉ. शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोप लगाकर मतदाताओं की भावनाएं आहत कीं। इसके उलट मतदाताओं ने कांग्रेस को ही चुनावी मैदान से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने विकास, स्थिरता और स्पष्ट नेतृत्व के आधार पर भाजपा और उसके सहयोगियों को भारी समर्थन दिया है। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रदेश में सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी भी दी।





