Sonipat: सोनीपत में बिजली का तार गिरा, करंट लगने से किसान ने दम तोड़ा

सोनीपत: गोहाना क्षेत्र के गांव कथूरा में बिजली की तार टूटकर किसान पर गिरने उसकी मौत हो गई। मृतक किसान की पहचान सतबीर (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना बरोदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता खेती-बाड़ी करते थे। चार सितंबर को दोपहर वह गांव के अड्डे से सामान लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बिजली की लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया।
तार शरीर पर गिरते ही सतबीर करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। साहिल ने शिकायत में आरोप लगाया कि बिजली लाइन के तार लंबे समय से जर्जर हालत में थे। समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण तार टूटकर गिरा और हादसा हुआ।
उसने बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर थाना बरोदा में मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस बिजली लाइन की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच करेगी। वहीं परिजनों ने जर्जर तारों के रखरखाव में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है ।





