Sonipat: सोनीपत खेल विश्वविद्यालय में गौरव गाथा पर हुई सार्थक चर्चा

सोनीपत: हरियाणा की वीर भूमि पर मंगलवार को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राई सोनीपत में दादा कुशल सिंह दहिया की गौरव गाथा विषय पर संगोष्ठी की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति अशोक कुमार ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि विश्व संवाद केंद्र हरियाणा के अध्यक्ष राजेश कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि दादा कुशल सिंह दहिया का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और साहस का उज्ज्वल उदाहरण है।
मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि दादा कुशल सिंह दहिया जैसे वीरों की गाथाएँ भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को सदैव प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास पराक्रम, बलिदान और राष्ट्रनिष्ठा का इतिहास है, जहां पुरुषों के साथ नारियों ने भी देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया। उन्होंने रामायण के उदाहरण से कहा कि जिस प्रकार हनुमान ने अपनी शक्ति को पहचानकर असंभव कार्य संभव किया, उसी प्रकार आज के युवाओं को भी आत्मबल और राष्ट्रबल को पहचानकर देश सेवा में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय के कुलसचिव जसविंदर सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ शिक्षण व गैर शिक्षण कर्मचारी भी उपस्थित रहे।





