हरियाणा

Sonipat: आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, उम्मीदवार बाहर

Admindelhi1
28 April 2026 10:15 AM IST
Sonipat: आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, उम्मीदवार बाहर
x

सोनीपत: नगर निगम सोनीपत आम चुनाव-2026 के तहत सोमवार को मेयर और पार्षद पद के नामांकन पत्रों की जांच पूरी की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि मेयर पद के लिए कुल 13 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच के दौरान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सत्यवीर आर्य और निर्दलीय उम्मीदवार रमेश कुमार खत्री के दो नामांकन में से एक नामांकन रद्द कर दिया गया।

जांच पूरी होने के बाद अब मेयर पद के लिए 11 नामांकन मान्य रह गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी से राजीव जैन और उनके कवरिंग उम्मीदवार दिव्यांक जैन, इंडियन नेशनल कांग्रेस से कमल दीवान और कवरिंग उम्मीदवार मेघा दीवान, इंडियन नेशनल लोकदल से आनंद कुमार, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया से हवा सिंह तथा निर्दलीय उम्मीदवार कमलेश कुमार सैनी, संत धर्मवी चोटीवाला, अनल सिंघल और चांद राम शामिल हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार चुनाव नहीं लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 28 अप्रैल को नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा और अंतिम उम्मीदवार सूची जारी की जाएगी। मतदान 10 मई को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक होगा, जबकि मतगणना 13 मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए पंकज कुमार, आयुक्त नगर निगम पानीपत को सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी पहले नियुक्त अंकित कुमार चैकसे के स्थान पर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सामान्य प्रेक्षक पंकज कुमार ने मेयर चुनाव के आरओ अजय चोपड़ा के साथ बैठक कर चुनाव व्यवस्था और प्रबंधों की समीक्षा भी की।

Next Story