Sonipat: विश्व पर्यावरण दिवस पर सोनीपत में चला हरियाली बढ़ाने का अभियान

सोनीपत: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सोनीपत के लघु सचिवालय परिसर में वन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, सीजेएम प्रचेता सिंह तथा डीएफओ रेनू बाला सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने की अपील की।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पूरी दुनिया पर दिखाई दे रहे हैं और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण बेहतर स्वास्थ्य की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि नगर निगम शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पार्कों के विकास और पौधारोपण अभियानों को लगातार बढ़ावा दे रहा है। साथ ही यमुना नदी को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के प्रयास भी जारी हैं।
डीएफओ रेनू बाला ने बताया कि वन विभाग जिलेभर में व्यापक पौधारोपण अभियान चला रहा है, जिसमें स्कूलों, सरकारी संस्थानों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।





