Sonipat: डेढ़ लाख रुपये और शराब की चोरी, पुलिस ने दर्ज किया केस

सोनीपत: सोनीपत शहर के बस स्टैंड के सामने स्थित एक शराब ठेके से नकदी और महंगी शराब चोरी होने का मामला सामने आया है। ठेका संचालक की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक सेल्समैन और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 निवासी जोगिन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस स्टैंड के सामने स्थित शराब ठेके का संचालक है। उसने करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी रामू को सेल्समैन के रूप में नियुक्त किया था।
शिकायत के अनुसार, सेल्समैन रामू ने कथित रूप से अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। आरोप है कि उसका साथी उत्तर प्रदेश नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में ठेके पर पहुंचा और दोनों ने देर रात ठेके में रखी नकदी और शराब चोरी कर ली।
जोगिन्द्र के मुताबिक आरोपियों ने करीब 1.50 लाख रुपये नकद और 16 बोतल महंगी शराब चोरी की। चोरी हुई शराब में चार बोतल सिंगलटन ब्रांड, चार बोतल एमएम जामुन, पांच बोतल ऑल सीजन सिरताज सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि पूरी वारदात ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई विकास ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सिविल लाइन में चोरी और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।





