हरियाणा

गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान बैन, आदेश जारी

Admindelhi1
23 Nov 2026 5:43 PM IST
गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान बैन, आदेश जारी
x
गुरुग्राम में अब सार्वजनिक जगहों पर नहीं पी सकेंगे सिगरेट-बीड़ी

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में नगर निगम ने शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों और पार्कों को नो स्मोकिंग जोन घोषित कर दिया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। अब निर्धारित सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

नगर निगम के आदेश के अनुसार, बाजार, बस स्टॉप, बस स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल मैदान, निगम कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, डिस्पेंसरी, पार्किंग स्थल और सार्वजनिक शौचालय परिसर नो स्मोकिंग जोन में शामिल किए गए हैं।

इन स्थानों पर सिगरेट, बीड़ी और सिगार पीने के साथ तंबाकू सेवन, सिगरेट के टुकड़े फेंकने और तंबाकू खाकर थूकने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीओटीपीए अधिनियम, 2003 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

निगमायुक्त ने संयुक्त आयुक्तों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही 15 दिनों के भीतर सभी निर्धारित स्थानों पर नो स्मोकिंग जोन के सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया है।

Next Story