रेवाड़ी के केशव शर्मा हत्याकांड में छठा आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव सुंदरोज में हुए केशव शर्मा हत्याकांड में सीआईए पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुंदरोज निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
शिकायतकर्ता राम शर्मा के अनुसार, आरोपियों ने उनके और उनके भाई केशव पर हमला कर सोने की चेन, अंगूठी और 50 हजार रुपये छीन लिए थे। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर में घुसकर पथराव भी किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल केशव की पांच अक्टूबर को पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच शुरू की थी। सीआईए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाश के खिलाफ पहले भी चोरी और मारपीट के पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।





