निजी कंपनियों में नौकरी पाकर छह विद्यार्थियों ने बढ़ाया विवि का मान

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट में सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थियों का चयन डीसीएम टेक्सटाइल और श्री गंगा इंडस्ट्रीज में हुआ है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित दो अलग-अलग भर्ती अभियानों में कुल 90 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से छह विद्यार्थियों ने रोजगार हासिल करने में कामयाबी पाई।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण एवं उद्योग आधारित शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने व्यावसायिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों कंपनियों के लिए अलग-अलग प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की गई थीं। डीसीएम टेक्सटाइल की भर्ती प्रक्रिया में 52 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि श्री गंगा इंडस्ट्रीज में रोजगार प्राप्त करने के लिए 38 विद्यार्थी चयन प्रक्रिया में शामिल हुए।
डीसीएम टेक्सटाइल की ओर से एचआर टीम का नेतृत्व अतुल के. सिंह ने किया। वहीं, श्री गंगा इंडस्ट्रीज की ओर से एचआर प्रतिनिधि सौरभ ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने चयन प्रक्रिया शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने संस्थानों के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को कंपनियों की कार्यप्रणाली, कार्य संस्कृति, करियर में आगे बढ़ने की संभावनाओं और चयन प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इससे विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और कंपनियों की अपेक्षाओं को समझने का मौका मिला।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने शुक्रवार को चयनित विद्यार्थियों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि डीसीएम टेक्सटाइल में बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के गुरदीप कुमार तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सुजैन और मोहित का चयन हुआ है।
इसी तरह श्री गंगा इंडस्ट्रीज की भर्ती प्रक्रिया में बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के डेविड और राहुल ने सफलता हासिल की है। इसके अलावा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के मोहित का भी कंपनी में चयन हुआ है।
प्लेसमेंट ड्राइव के आयोजन में विद्यार्थियों ने भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। डीसीएम टेक्सटाइल की भर्ती प्रक्रिया का समन्वय इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थी सुजैन ने किया। वहीं, श्री गंगा इंडस्ट्रीज की प्लेसमेंट ड्राइव के समन्वय की जिम्मेदारी इसी विभाग के विद्यार्थी सुजल जायसवाल ने संभाली।
दोनों औद्योगिक संस्थानों में विद्यार्थियों के चयन से विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रयासों को सफलता मिली है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।





