Sirsa: पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जलघर पर तालाबंदी

सिरसा: जिले के गांव चाेरमार में ग्रामीणों ने पेयजल संकट के चलते जलघर पर ताला जड़ दिया। ग्रामीण पिछले एक सप्ताह से बूंद-बूंद को लेकर तरस रहे थे और शुक्रवार को ग्रामीण एकत्रित होकर जलघर पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए जलघर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग द्वारा गांव चोरमार में नई पेयजल पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन उसे मुख्य सप्लाई लाइन से चालू नहीं किया गया। अधिकारियों की लापरवाही के कारण पिछले 15 दिनों से घरों में पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही है। पानी की कमी के चलते रोजमर्रा के काम पूरी तरह से ठप हो गए और पशुओं के लिए भी पानी का संकट खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें पानी मोल खरीदना पड़ रहा है। लोग मजबूरी में 800 रुपये तक खर्च कर वॉटर टैंकर मंगवा रहे हैं।
हर दूसरे-तीसरे दिन पानी का टैंकर मंगवाना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों भारी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से इस समस्या को लेकर कई बार विभाग के एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता से मुलाकात की गई, लेकिन अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से लेने के बजाय केवल खोखले आश्वासन दिए और टालमटोल करते रहे। अधिकारियों के इसी अडिय़ल और उदासीन रवैये पर ग्रामीण भडक़ उठे और उन्होंने जलघर पर ताला लगा दिया।
जलघर पर तालाबंदी और ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही लाइन को जलघर से जोड़ दिया जाएगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने ताला खोला।





