Sirsa: एसपी ने नशे के खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने का किया आह्वान

सिरसा: एसपी दीपक सहारण ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। पंचायतों के साथ-साथ अभिभावकों को भी खुलकर सामने आना होगा, तभी हम अपने लक्ष्य को साकार कर पाएंगे।
एसपी दीपक सहारण शनिवार को जिले के गांव दड़बा कलां से चोपटा तक निकाली गई साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उपस्थित युवाओं व ग्रामीणों ाके संबोधित कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि अगर उनका बच्चा नशे का शिकार है तो वे समय पर उसका उपचार करवाएं, ताकि उसे समाज की मुख्य धारा में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई अभिभावक अपने बच्चे के लिए स्टैंड नहीं ले सकते तो मैं उन्हें माता-पिता नहीं मानता। क्योंकि हमें शुरूआत अपने घर से ही करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे से युवाओं को बचाने के लिए व्यवस्था में सुधार किया गया है, नशामुक्ति केंद्रों पर बेहतर उपचार दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने नशे के अवैध धंधे से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो गोलियों नशा छुड़वाने के लिए दी जा रही है, उन गोलियों का कुछ लोग व्यापार कर रहे हैं, जिन्हें किसी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा, ऐसे लोगों की जगह सलाखों के पीछे है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस की प्रधान एवं दड़बा कलां की सरपंच संतोष बैनीवाल ने कहा कि पैंतालिसा क्षेत्र की सभी पंचायतों को साथ लेकर नशे के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए ग्रामीणों को प्रथम पंक्ति में आकर सहयोग करना होगा। नशे के सौदागरों के बारे में सूचना देकर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद करनी होगी, ताकि एक स्वस्थ व नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर सूरजभान, चाडीवाल सरपंच वेदप्रकाश, कृष्ण खोथ सरपंच अरनियांवाली, बरासरी सरपंच संजय रोज, सुभाष सरपंच, मांगेराम सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मनोज जोगीवाला, नंदलाल बैनीवाल, अशोक बैनीवाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।





