हरियाणा

Sirsa: बागवानी अर्थव्यवस्था को नई गति देगा सिरसा का किन्नू प्लांट

Admindelhi1
18 May 2026 10:12 AM IST
Sirsa: बागवानी अर्थव्यवस्था को नई गति देगा सिरसा का किन्नू प्लांट
x
किन्नू प्लांट स्थापना से सिरसा में कृषि क्षेत्र को मजबूती

सिरसा: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री और डेयरी फेडरेशन मिलकर सिरसा स्थित वीटा प्लांट परिसर में अत्याधुनिक किन्नू जूस प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने जा रहा है। इससे सिरसा व आसपास इलाके के किन्नू उत्पादकों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य और उपभोक्ताओं को गुणवत्ता से भरपूर जूस उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी मोड पर स्थापित होने वाले इस प्लांट के लिए निजी क्षेत्र निवेशकों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को सिरसा प्रवास के दौरान वीटा प्लांट सिरसा का औचक निरीक्षण करते हुए प्लांट की व्यवस्थाओं को जांचा।

मंत्री ने वीटा प्लांट के सीईओ दिनेश मेहता व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वीटा प्लांट की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाएं, ताकि किसानों और दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के अनुरूप सिरसा में जल्द ही अत्याधुनिक किन्नू जूस प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किन्नू उत्पादक किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला बागवानी, विशेषकर किन्नू उत्पादन में पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है, यहां के किसानों द्वारा बड़े स्तर पर किन्नू की खेती की जाती है, लेकिन फसल के उचित प्रसंस्करण और विपणन की कमी के कारण किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए किन्नू प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीटा प्लांट परिसर में तीन एकड़ जमीन को चिह्नित किया जा चुका है। इसे पीपीपी मोड पर स्थापित करने के लिए पीपीपी मोड पर किन्नू कैबिनेट कमेटी ऑफ सेक्रेट्रीज (कोसी) बैठक में भी चर्चा हो चुकी है। इसके बाद निजी क्षेत्र निवेशकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। उन्होंने कहा कि किन्नू प्लांट शुरू होने से किन्नू के साथ-साथ अन्य फलों से जूस तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। इसके साथ ही इलाके में फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मंत्री अरविंद शर्मा ने सिरसा परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में राष्ट्रीय ब्राह्मण सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति, ज्ञान, शौर्य और धर्म के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। आज के समय में युवाओं को भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने की सबसे अधिक आवश्यकता है, क्योंकि आधुनिक जीवनशैली में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का पतन हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि उन्हें सही दिशा व संस्कार दिए जाएं तो वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Next Story