Sirsa: सैलजा ने उठाया तटबंधों का मुद्दा, CM को भेजा पत्र

सिरसा: सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर सिरसा संसदीय क्षेत्र में नहरी नालों की सफाई, घग्गर नदी के तटबंधों के मजबूतीकरण और अमृत योजना की लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर ध्यान दिया गया होता तो बाढ़ से इतना नुकसान नही होता और न ही जनहानि होती।
सांसद कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को मीडिया को जारी प्रेस बयान में बताया कि सीएम को लिखे पत्र में मानसून शुरू होने से पहले मई और जून में उन्होंने नहरी नालों की नियमित सफाई और घग्गर नदी तटबंधों की मजबूतीकरण का आग्रह किया था। 30 जून तक संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी हुए थे, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। तीन जुलाई को सिरसा में हुई दिशा की बैठक में भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया गया था और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हाल ही में सिरसा, फतेहाबाद और जींद जिलों के बाढ़ प्रभावित गांवों के दौरे में यह स्पष्ट हुआ कि नहरी नालों और सीवरेज की समय पर सफाई न होने से फसलों और आवासीय क्षेत्रों को भारी नुकसान हुआ। सांसद ने कहा कि हिसार-घग्गर ट्रेन मार्ग के साथ लगते गांवों में हालात बेहद खराब हैं।
दिनेश की ढाणी सहित कई गांवों में हजारों एकड़ फसल पानी में डूबकर नष्ट हो गई। यदि सरकार ने समय रहते प्रबंध किए होते तो किसानों को यह दिन नहीं देखना पड़ता। कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार द्वारा घोषित मुआवजा राशि को किसानों के साथ मजाक करार दिया और कहा कि यह उनके घावों पर नमक छिडक़ने जैसा है। उन्होंने मांग की कि किसानों की क्षति का सही आकलन कर उचित और पर्याप्त मुआवजा तुरंत दिया जाए ताकि वे दोबारा अपनी आजीविका खड़ी कर सकें। उन्होंने सिरसा नगर की अमृत योजना को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि सीवरों की सफाई न होने से नागरिकों को वर्षा ऋतु में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में त्वरित हस्तक्षेप और ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।





