Sirsa: सफलता के लिए आत्मनिर्भरता और इच्छाशक्ति जरूरी : एकता भ्यान

हिसार: राजकीय महाविद्यालय नलवा में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रेरणादायक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पैरालंपियन डॉ. एकता भ्यान मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। महाविद्यालय की प्राचार्या एवं जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश दुहन तथा डॉ. एकता भ्यान ने संयुक्त रूप से आशीर्वाद का दिया जलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ ने भी दीप प्रज्वलित कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. एकता भ्यान ने गुरुवार को कहा कि आत्मनिर्भरता ही सफलता का मार्ग है। दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और आत्मबल के बल पर जीवन की कठिन से कठिन चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के संघर्षों, असफलताओं से मिली सीख और अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर हासिल की गई उपलब्धियों के अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए योग एवं ध्यान शिविर भी आयोजित किया गया। भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. दीपक ने शिविर का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने अष्टांग योग के सिद्धांतों तथा ध्यान की आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए मानसिक एकाग्रता के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या डॉ. कमलेश दुहन, वूमेन सेल संयोजिका डॉ. कविता खरिंटा तथा शिकायत निवारण प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. मीनाक्षी ने डॉ. एकता भ्यान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।





