Sirsa: डेरे के मुख्य द्वार के उद्घाटन समारोह में राम रहीम और हनीप्रीत की मौजूदगी

सिरसा: सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने पैरोल अवधि समाप्त होने से एक दिन पहले गुरुवार को शाह सतनाम जी धाम के नवीनीकृत मुख्य द्वार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डेरा अनुयायी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हनीप्रीत इंसा भी उपस्थित थीं, जो लंबे समय बाद राम रहीम के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आईं।
पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद यह पहला अवसर था, जब राम रहीम श्रद्धालुओं के बीच दिखाई दिए। इससे पूर्व वह पैरोल के दौरान अधिकतर डेरे के अंदर ही रहे या वीडियो संदेश के माध्यम से अनुयायियों को संबोधित करते रहे हैं।
शाह सतनाम जी धाम के नवीनीकरण का कार्य राम रहीम की देखरेख में कराया गया है। नवीनीकरण के तहत डेरे में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। परिसर में दो से तीन विशाल प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए होटल का निर्माण भी किया गया है। मुख्य द्वारों के आसपास हाथियों की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।





