सिरसा पुलिस का बड़ा एक्शन, 34 ग्राम हेरोइन और चार अवैध पिस्तौल बरामद

सिरसा: हरियाणा के सिरसा जिले में पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन और चार अवैध पिस्तौल बरामद किए हैं।
सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि गश्त और चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक लवली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
वहीं, सीआईए सिरसा की टीम ने गांव जोधकां क्षेत्र में स्कॉर्पियो सवार अमित कुमार, नीरज और रवि कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आठ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में नकुल और नीरज कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार पिस्तौल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।





