हरियाणा

Sirsa: फिरौती के लिए अपहरण करने वाला आरोपी पुलिस ने दबोचा

Admindelhi1
23 May 2026 11:43 AM IST
Sirsa: फिरौती के लिए अपहरण करने वाला आरोपी पुलिस ने दबोचा
x

सिरसा: पुलिस ने जिले क्षेत्र में नाबालिग लडक़े का अपहरण कर 70 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल तीन अन्य युवकों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। डीएसपी राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सिरसा के इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुरतगढिय़ा चौक पर उसकी किताबों की दुकान है। उसकी दुकान पर चतरगढ़ पट्टी निवासी सौरभ पिछले करीब तीन वर्षों से काम कर रहा था।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसका 12 वर्षीय बेटा सी ब्लॉक स्थित ट्यूशन सेंटर में पढऩे जाता है। बीते गुरुवार को सौरभ उसके बेटे को बाइक पर ट्यूशन छोडऩे जा रहा था। जैसे ही वे सी ब्लॉक क्षेत्र में पहुंचे तो पीछे से आई कार ने बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया। कार से उतरे तीन नकाबपोश युवकों ने सौरभ और बच्चे को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। अपहरणकर्ताओं ने दोनों की आंखों पर कपड़ा बांध दिया और कुछ दूरी पर ले जाकर उसे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

उन्होंने बताया कि बच्चे को गुमराह करने के उद्देश्य से सौरभ ने षडय़ंत्र के तहत अपने आप को बेहोश कर लिया ताकि नाबालिग बच्चे को लगे की सौरभ को भी बदमाशों ने बंधक बना रखा है। डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। शिकायत के आधार पर दो नामजद व दो अन्य आरोपियों के खिलाफ अपहरण, जबरन वसूली सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ निवासी सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद उसके अन्य साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story