हरियाणा

Sirsa: किसान संकट पर बोली इनेलो, सरकार दिखावे के उत्सव में व्यस्त

Admindelhi1
4 Nov 2025 10:37 AM IST
Sirsa: किसान संकट पर बोली इनेलो, सरकार दिखावे के उत्सव में व्यस्त
x

सिरसा: डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि एक ओर पूरे प्रदेश में किसान वर्ग सरकार द्वारा उनके प्रति बरती जा रही लापरवाही व उदासीनता पर त्राहि-त्राहि कर रहा है, वहीं सरकार झूठे स्तर पर कम की गई जीएसटी का उत्सव मना रही है, जो महज छलावा और निंदनीय है। आदित्य देवीलाल सोमवार को सिरसा के लघुसचिवालय में इनेलो द्वारा किसानों के समर्थन में किए गए धरना-प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। इनेलो ने राज्यपाल के नाम उपायुक्त को किसानों की मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।

विधायक आदित्य ने कहा कि भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान व दुखी है और इससे छुटकारा चाहता है। इसी कड़ी में जहां किसानों को पिछले दिनों बेमौसमी बरसात और बाढ़ का सामना करना पड़ा था, जिससे उनकी अधिकांश फसल पूरी तरह से चौपट हो गई , मगर इस संवेदनहीन सरकार की ओर से अभी तक न तो नष्ट हुई फसलों की विशेष गिरदावरी ही करवाई गई है और न ही उन्हें मुआवजा दिया गया है। उन्होंने इसे घोर चिंतनीय बताया कि पिछले दिनों हुई बरसात का पानी अभी तक भी खेतों में जमा है, जिसकी निकासी का कोई प्रबंध सरकार की ओर से अभी तक नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसानों की कोई भी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदी जा रही जिसके चलते उन्हें अपनी फसल औने-पौने दामों पर निजी हाथों को सौंपनी पड़ रही है। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए कि अभी तक कुल कितनी फसल का नुकसान हुआ है और सरकार की ओर से कितना मुआवजा दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल व पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने सदैव किसानों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें लागू किया मगर वर्तमान भाजपा सरकार ने हर वर्ग का शोषण किया है, जिससे आमजन में सरकार के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।

इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि प्रदेश में सरकार की ओर से डीएपी की निर्धारित कीमत 1350 की गई है, मगर निजी डीलर 1800 रुपए प्रति बैग के हिसाब से किसानों को बेचकर उन्हें लूटा जा रहा है जिसमें कृषि विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत भी है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों व खाद डीलर्स को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने के लिए चेताते हुए कहा कि यदि उन्होंने किसानों से कालाबाजारी बंद नहीं की तो इनेलो उनके प्रतिष्ठानों के समक्ष धरना देने पर बाध्य होगी। इस मौके पर इनेलो महिला विंग की जिलाध्यक्ष सुभद्रा शीलू, जसविंद्र सिंह बिंदु, होशियार सिंह खोड, हरमीत सिंहा, कुलदीप गोदारा, कश्मीर सिंह करीवाला, महावीर शर्मा, धर्मवीर नैन, प्रदीप मेहता एडवोकेट, भगवान कोटली, माणिक मेहता एडवोकेट, नरेंद्र मेहता आदि मौजूद रहे।

Next Story