हरियाणा

Sirsa: सरकार की डिजिटल पहल से किसान असंतुष्ट: शर्मा

Admindelhi1
1 April 2026 11:36 AM IST
Sirsa: सरकार की डिजिटल पहल से किसान असंतुष्ट: शर्मा
x

सिरसा: जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा ने कहा कि सरकार डिजिटल प्रक्रिया के नाम से किसानों को बेवजह परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं को किसान हितैषी बताने वाली भाजपा सरकार ने ऐसे नियम किसानों पर थोंपे हैं कि उन्हें अपनी फसल बेचना मुश्किल हो गया है। राधेश्याम शर्मा मंगलवार को सिरसा की अनाज मंडी में फसल खरीद कार्य का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ किसानों को फसल बेचने में आ रही दिक्कतों के बारे में भी जाना।

उन्होंने कहा कि मंडी में सरसों की टेस्टिंग करने वाली लैब बंद होने से किसानों के लिए संकट खड़ा हो गया है जिसके समाधान के लिए शासन प्रशासन पूरी तरह से उदासीन है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि टेस्टिंग लैब को पुन: आरंभ करने व निशुल्क जांच करने की मांग की। साथ ही किसानों के लिए फसल पोर्टल पर बायोमेट्रिक सत्यापन की अनिवार्यता को भी गैर तार्किक बताया। उन्होंने कहा कि टै्रक्टर ट्रॉली पर नंबर अंकित करने, बायोमेट्रिक फोटो सत्यापन, टोकन कटवाने की प्रक्रिया लागू करने से प्रतीत होता है कि यह किसानों की फसल खरीदने की बजाए उनकी परीक्षा ली जा रही है।

उन्होंने चेताया कि यदि शासन ने लागू किए गए गैर तार्किक शर्तों को वापिस न लिया जो जेजेपी सडक़ों पर उतरेगी। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी, हरिसिंह भारी, शगनजीत सिंह गिल, दीपक भाटिया आदि मौजूद रहे।

Next Story