Sirsa: त्योहारी सीजन में साइबर अपराधियों पर नजर, सिरसा एसपी ने लोगों को किया जागरूक

सिरसा: रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर व्हाट्सएप पर बधाई संदेशों और आकर्षक लिंक के जरिए साइबर ठगी को लेकर जिला पुलिस ने जनता को आगाह किया है। एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि त्यौहार को लेकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं और साइबर अपराधी त्यौहार की शुभकामनाओं के साथ संदिग्ध लिंक, फाइल या एपीके भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं। एसपी ने कहा कि मोबाइल फोन में व्हाट्सएप का मीडिया ऑटो-डाउनलोड बंद रखने की सलाह देते हुए कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी कदम है। इसके लिए व्हाट्सएप की सेटिंग्स में जाकर स्टोरेज और डेटा विकल्प चुनें। इसके बाद मीडिया ऑटो-डाउनलोड में मोबाइल डेटा, वाई-फाई और रोमिंग तीनों विकल्पों में जाकर फोटो, ऑडियो, वीडियो और डॉक्यूमेंट के सामने लगे टिक हटा दें। इससे फाइलें बिना अनुमति अपने आप डाउनलोड नहीं होंगी।
एसपी ने पुलिस एडवाजरी में बताया कि साइबर ठग आकर्षक ऑफर, इनाम, नौकरी, बैंक अपडेट या अन्य जरूरी सूचना के नाम पर फर्जी लिंक भेज सकते हैं। अनजान नंबर से प्राप्त किसी भी संदेश, लिंक या फाइल को बिना जांचे खोलने से बचें। विशेष रूप से एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। किसी बैंक या संस्था के नाम से संदेश आने पर उसमें दिए लिंक पर क्लिक करने के बजाय संबंधित संस्था के आधिकारिक माध्यम से जानकारी की पुष्टि करें। लोग अपने मोबाइल और व्हाट्सएप को समय-समय पर अपडेट रखें तथा मजबूत स्क्रीन लॉक का इस्तेमाल करें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता, एटीएम या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें। बैंक कर्मचारी अथवा सरकारी या निजी संस्था का प्रतिनिधि बनकर जानकारी मांगने वाले व्यक्ति की पहले पुष्टि करें।





