हरियाणा

Sirsa: पेंशन कटौती पर कांग्रेस ने आंदोलन किया

Admindelhi1
12 Feb 2026 6:21 PM IST
Sirsa: पेंशन कटौती पर कांग्रेस ने आंदोलन किया
x
"कांग्रेस धरने पर, पेंशन बहाली की मांग"

सिरसा: हरियाणा में लागू सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत जुड़ी पात्र व्यक्तियों की पेंशन काटने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कालांवाली के एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। पेंशन बहाली की मांग को लेकर एसडीएम को हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि हरियाणा में हाल ही में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत लाखों पात्रों जिनमें वृद्धजन, विधवाएं, दिव्यांगजन तथा अन्य कमजोर वर्ग सम्मिलित हैं, की पेंशन बिना पर्याप्त कारण व पूर्व सूचना के काट दी गई है। इस निर्णय से प्रदेश के गरीब एवं निर्बल वर्गों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। विधायक केहरवाला ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का उद्देश्य समाज के उन वर्गों को आर्थिक सहारा प्रदान करना है, जो आजीविका के साधनों से वंचित हैं और जीवन यापन के लिए पूर्णत: सरकारी सहायता पर निर्भर हैं। पेंशन बंद होने के कारण अनेक परिवारों के सामने दवा, भोजन एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करना कठिन हो गया है।

यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक एवं मानवीय दृष्टि से पीड़ादायक है। उपरोक्त वर्गों की पेंशन की बहाली के लिए कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि प्रदेश में जिन भी पात्र लाभार्थियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन रोकी या काटी गई है, उसे तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए। इसके अलावा जिन मामलों में पात्रता पर संदेह है, उनकी पारदर्शी एवं मानवीय आधार पर पुन: जांच की जाए।

भविष्य में पेंशन बंद करने से पूर्व लाभार्थी को उचित नोटिस एवं अपील का अवसर प्रदान किया जाए तथा जिन लाभार्थियों को कई माह से पेंशन प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें बकाया राशि सहित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसमौके पर चेयरमैन महेश गोयल, संदीप नेहरा, अवतार सिंह सूरतिया, सोहन सिंह थिराज, मेजर सिंह रोड़ी व सतिंद्र सिंह तिलोकेवाला आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Next Story