Sirsa: युवा महोत्सव में दिखा सीडीएलयू का सांस्कृतिक समर्पण

सिरसा: चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा में चल रहे युवा महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को युवा ऊर्जा, सृजनशीलता और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर संगीत, नृत्य और नाटक के रंगों से सराबोर रहा। उद्घाटन सत्र में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद के कुलपति प्रो. रामपाल सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रो. रामपाल सैनी ने अपनी मधुर रागिनी प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने जाने माने गायक पंडित मांगे राम की रागनी गंगा-जी तेरे खेत में के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध संस्कृति बारे मं बड़े ही बेहतरीन तरीके से प्रस्तुति दी। उन्होंने भारत की प्रसिद्ध नदी गंगा के बारे में रागनी के माध्यम से बताया कि गंगा समस्त संसार का जीवन दाता है सुख के साथ साथ सजीवता प्रदान करने का माध्यम है। इतना ही नहीं ये समस्त संसार के लिए मुक्ति दाता भी है।
सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि सफलता के लिए धैर्य और समर्पण अनिवार्य हैं। कुछ मिनटों की प्रस्तुति के लिए विद्यार्थी महीनों तैयारी करते हैं, यही मेहनत हमें गर्व और प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सृजनशीलता और नेतृत्व क्षमता के निर्माण का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रबंधकीय दक्षता, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। सीडीएलयू का यह महोत्सव न केवल प्रतिभा का उत्सव है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रो. राजकुमार ने कहा कि सीडीएलयू द्वारा आयोजित यह युवा महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सृजनशीलता का भाव जागृत करते हैं।





