हरियाणा

Sirsa: सिरसा में नशे के खिलाफ अभियान तेज

Admindelhi1
24 Feb 2026 5:56 PM IST
Sirsa: सिरसा में नशे के खिलाफ अभियान तेज
x

सिरसा: सिरसा के डीएसपी राजसिंह ने कहा कि समाज को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए जन सहयोग अत्यंत आवश्यक है। छोटे-मोटे आपसी विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया जाए, ताकि गांव में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत बना रहे। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे आपसी सहमति से गांवों में ‘ठीकरी पहरा’ व्यवस्था लागू करें और यदि किसी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। डीएसपी मंगलवार को सिरसा जिले के गांव रायपुर में जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशा तस्करों एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुहिम से प्रेरित होकर विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, युवा क्लब और अन्य संगठन भी आगे आकर पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। डीएसपी राज सिंह ने कहा कि आमजन की जान-माल की सुरक्षा करना पुलिस का परम दायित्व है, लेकिन किसी भी अभियान की सफलता जन सहयोग के बिना संभव नहीं है।

Next Story