हरियाणा

Sirsa: बिजली सुधार के नाम पर महिला से लूट, बंधक बनाकर वारदात

Admindelhi1
20 Jun 2026 11:14 AM IST
Sirsa: बिजली सुधार के नाम पर महिला से लूट, बंधक बनाकर वारदात
x
ठगी कर घर में घुसे, महिला को बंधक बनाकर लूटा

सिरसा: सिरसा जिले के कालांवाली उपमंडल में महिला को बंधक बनाकर बदमाश लाखों रुपये की नकदी व आभूषण लूट ले गए। भरी दोपहर हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि बदमाश बिजली ठीक करने के बहाने घर घुसे। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है जो कि पंजाब नंबर का है।

पीडि़त महिला मनजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह घर में अकेली थी। दो युवक आए और कहा कि बिजली का इन्वर्टर ठीक करना हैं। महिला ने कहा कि उनका कोई इनरवेटर खराब नहीं है किसी अन्य घर की शिकायत होगी। दोनों युवकों ने उसके गले में कपड़ा डाल दिया और अंदर की ओर धकेल दिया। मनजीत कौर ने बताया कि इसके बाद दोनों ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। युवकों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ पैर बांध दिए। लुटेरे अलमारी से साढ़े तीन लाख रुपये व आभूषण ले गए। महिला ने बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद दीन दयाल योजना के तहत उन्हें साढ़े तीन लाख रुपये मिले थे जाकि तीन दिन पूर्व ही बैंक से निकाल कर घर में रखे थे। बदमाशों ने मनजीत कौर के हाथ-पांव बांध दिए ताकि वह बाहर न आ सके। मनजीत कौर किसी तरह बाहर आई और शोर मचाया। घटना में महिला को काफी चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना से अवगत करवाया, जिस पर डीएसपी सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना से पहले दो युवक गली में खड़े थे और पूछने पर बताया कि वे बिजली ठीक करने आए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से ही एक मोटरसाइकिल बरामद किया है जो कि पंजाब नंबर का है। मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर काले रंग की टेप लगी हुई थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

Next Story