हरियाणा

Sirsa: जीप कारोबारी के कारीगर की हत्या, हमले में मालिक को भी लगी चोट

Admindelhi1
11 Aug 2026 4:48 PM IST
Sirsa: जीप कारोबारी के कारीगर की हत्या, हमले में मालिक को भी लगी चोट
x
सिरसा में जीप कारोबारी के कारीगर पर जानलेवा हमला, मौत

सिरसा: जिले के डबवाली उपमंडल में मामूली कहासुनी के चलते एक जीप कारोबारी व उसके कारीगर पर कुछ लोगों ने डंडों व लोहे की पाइपों से हमला कर दिया। इस हमले में कारीगर की मौत हो गई है, जबकि दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों को उपचार के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां गुरबचन सिंह को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जीप कारोबार से जुड़े लोगों में आक्रोश फैल गया और वे डबवाली के नागरिक अस्पताल में एकत्रित हुए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

हमले में घायल दुकानदार बख्शीश सिंह के अनुसार आरोपियों ने उन पर लोहे के पाइप व डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, हमले में गुरबचन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। बख्शीश सिंह ने बताया कि वह जीप बॉडी मेकिंग की दुकान करता है। उसकी दुकान डबवाली की चौहान नगर में है। दुकान पर गुरबचन सिंह सोनी बतौर कारीगर काम करता था। सोमवार रात को वे दोनों मोटरसाइकिल पर जवाहर नगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें अपशब्द कहे जिसका उन्होंने विरोध किया।

इस पर युवक बहसबाजी करने लगे और अपने कुछ अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और उन पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद डबवाली शहर में जीप कारोबार से जुड़े लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने घायल बख्शीश सिंह की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का मंगलवार को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

Next Story