हरियाणा

Sirsa: लाखों के घोटाले के बाद रची गई झूठी मौत की पटकथा

Admindelhi1
7 Aug 2026 9:29 AM IST
Sirsa: लाखों के घोटाले के बाद रची गई झूठी मौत की पटकथा
x
मौत की साजिश के पीछे निकला लाखों का गबन मामला

सिरसा: पुलिस ने जिले के एक पेट्रोल पंप से लाखों रुपये के गबन के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चार लाख 30 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। डीएसपी योगेश कटारिया ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कानून से बचने के डर से आरोपी ने मौत का झूठा षडय़ंत्र रचा। आरोपी अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर गांव अबूबशहर क्षेत्र में राजकनाल नहर किनारे पहुंचा और वहां अपना मोटरसाइकिल, जूते, बच्ची का स्कूल बैग तथा सैंडल छोड़ दिए, ताकि यह प्रतीत हो कि उसने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद आरोपी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी के लापता होने के बाद आरोपी के भाई ने शिकायत देकर मानसिक परेशानी के चलते खुदकुशी करने, या लापता होने की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कड़ी से कड़ी को जोड़ते हुए आरोपी दयाराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दयाराम गांव डबवाली स्थित एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।

उसने पेट्रोल पंप से करीब आठ लाख 64 हजार 917 रुपये का गबन कर लिया। पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस को शिकायत पंप कारिंदा दयाराम गबन कर गायब हो गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए महत्वपूर्ण सुरागों, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण व तकनीकी दक्षता के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश देनी शुरू की। पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से चार लाख, 30 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई है।

Next Story