Sirsa: प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत बना विकास की नई मिसाल: बराला

सिरसा: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद में शुक्रवार को जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ किया जिसका लाइव प्रसारण सिरसा के चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हाल में दिखाया गया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने देशवासियों को पहली हाइड्रोजन टे्रन का शुभारंभ होने पर बधाई दी। बराला ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि भारत भी हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने वाले देशों की सूचि में शामिल हो गया है जो कि देशवासियों के लिए गौरव की बात है।
यह भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बराला ने कहा कि देश लगातार तकनीकी रूप से बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत विकसित देशों की पंक्ति में शामिल होने के लिए नई-नई तकनीक विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद कई ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए जिन्हें देश सदा याद करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के गरीब से गरीब व्यक्ति का भी बैंक खाता खुलवाया, जिसने कभी बैंक का रास्ता तक नहीं देखा था। बराला ने कहा कि जीरो बैलेंस पर खाता खोलने से लेकर देश में हाईड्रोजन ट्रेन तक का सफर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री के इस कार्यकाल को इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस कार्यकाल मेेंं देश की तस्वीर बदलने का काम हुआ है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के 2047 के विजन का भी जिक्र करते हुए कहा कि हाईड्रोजन ट्रेन का सफल संचालन इसका परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब भारत आजादी के सौ साल पूरा करेगा तब देश विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा होगा। उन्होंने इस पहल को भारत के हरित परिवहन और आधुनिक रेलवे की दिशा में बहुत बड़ा कदम बताया। भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं का देश के करोड़ों लोग लाभ उठा रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट, डबवाली जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, सीडीएलयू के कुलपति प्रो. विजय कुमार, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, भूपेश मेहता, अमीर चंद मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र, गुरदेव राही सहित अनेक नेता मौजूद रहे।





