हरियाणा

शकुंतला खटक ने मतदाता सूची की गड़बड़ियों पर उठाई आवाज

Admindelhi1
5 Nov 2026 12:28 PM IST
शकुंतला खटक ने मतदाता सूची की गड़बड़ियों पर उठाई आवाज
x
मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस करेगी जनसंपर्क

हिसार: लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस जिले में गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाएगी। इसके तहत 15 से 25 नवंबर तक विभिन्न गांवों में चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों को मतदान के अधिकार और उसकी अहमियत के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कलानौर की विधायक एवं हिसार जिले की अभियान प्रभारी शकुंतला खटक ने बुधवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने की।

शकुंतला खटक ने कहा कि 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनआंदोलन है। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर निर्भर करती है। कांग्रेस मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।

14 नवंबर तक चलेगा मतदाता सत्यापन अभियान

विधायक ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। अभियान के तहत बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के साथ आम नागरिकों को भी जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 5 और 6 नवंबर को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित होंगी। इसके बाद 7 से 14 नवंबर तक मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इसमें मतदाता सूचियों से हटाए गए या कथित रूप से हेरफेर किए गए नामों की पहचान कर उनका सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 15 से 25 नवंबर तक गांवों में चौपालें लगाई जाएंगी।

संविधान के अनुच्छेद 326 की दी जाएगी जानकारी

शकुंतला खटक ने कहा कि चौपालों में ग्रामीणों, बुजुर्गों, युवाओं और पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। लोगों को संविधान के अनुच्छेद 326 और वयस्क मताधिकार के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। विधायक ने ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान में भाग लेने की अपील की। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम की रिपोर्ट, फोटो और वीडियो प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Next Story