
नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार तेज होने के साथ ही जिला प्रशासन चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए अपनी पूरी तैयारियां कर रहा है। थानेसर नगर परिषद में नगर परिषद के अध्यक्ष पद तथा नगर पार्षदों के लिए चुनाव होगा। 32 वार्डों में से दो वार्डों (7 तथा 32) के पार्षदों के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद 30 वार्डों में पार्षदों का चुनाव होगा। लाडवा नगर समिति में वार्ड 11 में पार्षद पद के लिए चुनाव होना था, लेकिन पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस्माइलाबाद नगर समिति में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होना है। थानेसर नगर परिषद के चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा 108 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40 को संवेदनशील बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है। साझा की गई जानकारी के अनुसार वार्ड 2 में जनता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 4, 5, 6 व 7, वार्ड 6 में नवयुग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 16, 17 व 18, वार्ड 7 में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 20, 21 व 22, वार्ड 10 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिपली के बूथ संख्या 29 व 30, वार्ड 12 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवीदासपुरा के बूथ संख्या 35, 36 व 37 तथा वार्ड 16 में राजकीय माध्यमिक विद्यालय रतगल व राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय रतगल के बूथ संख्या 49, 50, 51 व 52 को संवेदनशील बूथों की सूची में शामिल किया गया है।





