हरियाणा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलचंद मुलाना नहीं रहे, लंबे समय से थे बीमार

Admindelhi1
20 Nov 2026 2:29 PM IST
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलचंद मुलाना नहीं रहे, लंबे समय से थे बीमार
x
वकालत से राजनीति तक लंबा सफर, पूर्व मंत्री फूलचंद मुलाना नहीं रहे

चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फूलचंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके बेटे एवं अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पर निधन की जानकारी दी।

परिवार के अनुसार, किडनी संबंधी समस्या के कारण उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छुट्टी मिलने के बाद उन्हें पंचकूला स्थित आवास पर लाया गया। शुक्रवार सुबह तबीयत दोबारा बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

फूलचंद मुलाना कई दशकों तक हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे। वह मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए और भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से सांसद और बहू पूजा चौधरी मुलाना से विधायक हैं।

छह अप्रैल 1941 को जन्मे मुलाना ने कला संकाय में स्नातक करने के बाद कानून की पढ़ाई की। वकालत से पेशेवर जीवन की शुरुआत करने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1972 में कांग्रेस के टिकट पर मुलाना सीट से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।

वर्ष 1977 में हार के बाद उन्होंने 1982 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता। 1987 में पराजय मिली, लेकिन 1991 में कांग्रेस के टिकट पर तीसरी बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1996 और 2000 के चुनावों में हार के बाद 2005 में उन्होंने चौथी बार मुलाना सीट जीती और हुड्डा सरकार में मंत्री बने।

अगस्त 2007 में उन्हें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई। करीब साढ़े छह वर्ष के उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान 2009 में कांग्रेस ने हुड्डा के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाई। फरवरी 2014 में उनकी जगह अशोक तंवर को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

Next Story