विकसित भारत-2047 के लिए गांवों का आत्मनिर्भर होना जरूरी: CM सैनी

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का हर गांव और शहर का प्रत्येक वार्ड आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने पंचायतों और नगर निकायों को सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने के लिए संसाधनों का बेहतर उपयोग, वित्तीय प्रबंधन और जनभागीदारी जरूरी है। ग्राम सभाओं की प्राथमिकताओं के आधार पर पंचायतों की विकास योजनाएं तैयार होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत गांवों में पानी के बिलों से जितनी राशि एकत्र की जाएगी, सरकार उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, शिक्षित पंचायत व्यवस्था और लाल डोरा मुक्त अभियान जैसे सुधारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य स्थानीय संस्थाओं को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।





