खेतों की नाली में कन्या का भ्रूण देखकर किसान के उड़े होश

जींद क्राइम न्यूज़: गांव भीखावाला खेतों में पॉलिथीन में बंद कन्या का भ्रूण सिंचाई पानी की नाली में मिलने से हडकंप मच गया। भ्रूण लगभग 6 माह का दिखाई दे रहा है और समय से पूर्व प्रसव करवा भ्रूण को पॉलिथिन में बंद कर पानी में फेंका गया था। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव के पूर्व सरपंच की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव भीखावाला के निवर्तमान सरपंच जयपाल अपने खेत में बरमे से पानी देने गया हुआ था। अचानक बरमे से पानी की लिफ्टिंग कम हो गई। जब उसने बरमा लगे स्थान पर जाकर देखा तो वहां पर पॉलिथीन अटका हुआ था। जब उसने लिफाफे को खोल कर देखा तो उसमें कन्या का भ्रूण था और उसकी मौत हो चुकी थी। अंग पूरी तरह विकसित हो चुके थे। भ्रूण लगभग 6 माह का दिखाई दे रहा था। जिससे साफ जाहिर था कि समय से पूर्व प्रसव करवाया गया है। फिर खुर्द बुर्द करने की पॉलिथिन में डाल कर उसे पानी में फेंक दिया और पॉलिथिन में बहता हुआ कन्या का भ्रूण खेत तक जा पहुंचा। भ्रूण मिलने की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और भ्रूण को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल ले जाया गया जहां पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे दफना दिया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव के निवर्तमान सरपंच जयपाल की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि कन्या का भ्रूण ज्यादा पुराना नहीं था। जन्म के साथ ही उसे पॉलिथिन में बंद कर डाला गया था। पीछे से बह कर कन्या का भ्रूण खेत में पहुंचा है। फिलहाल अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।





