हरियाणा

धान खरीद में व्यवस्थाओं का निरीक्षण, मंडी और राइस मिल पहुंचे एसडीएम

Admindelhi1
3 Oct 2026 11:40 AM IST
धान खरीद में व्यवस्थाओं का निरीक्षण, मंडी और राइस मिल पहुंचे एसडीएम
x
राइस मिलों और मंडियों का निरीक्षण कर एसडीएम ने परखी खरीद व्यवस्था

कैथल: धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को मंडियों में किसी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को कलायत में एसडीएम अजय हुड्डा ने नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न राइस मिलों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं और धान की मिलिंग प्रक्रिया का जायजा लिया।

मंडी में निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने धान की आवक, नमी जांच, बारदाने की उपलब्धता, तिरपाल, पेयजल और बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से भी खरीद प्रक्रिया को लेकर बातचीत की। खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों और राइस मिलरों से भी जानकारी ली गई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेट पास जारी होने के बाद धान की खरीद और उठान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मंडी के बाद एसडीएम ने विभिन्न राइस मिलों का निरीक्षण कर फिजिकल वेरिफिकेशन किया। उन्होंने मिलरों से आवंटित धान, उसकी मिलिंग और सीएमआर की डिलीवरी के संबंध में जानकारी ली। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार की निर्धारित समय-सीमा के अनुसार मिलिंग और सीएमआर की डिलीवरी पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि धान की खरीद, उठान या मिलिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी अथवा राइस मिलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखना और किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होने देना है। एसडीएम ने किसानों से एनजीटी के निर्देशों की पालना करते हुए खेतों में पराली नहीं जलाने की अपील भी की।

Next Story