
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने गुरुवार को पार्टी के जिलाध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठक कर संगठन की मजबूती और सक्रियता को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर तेज किया जाए और सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक अधिक से अधिक पहुंचाया जाए। संजय दत्त ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट मीडिया की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों, आंदोलनों और जनहित से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से प्रचारित किया जाना चाहिए। उन्होंने जिलाध्यक्षों से कहा कि संगठन की हर गतिविधि आम लोगों तक पहुंचे, इसके लिए डिजिटल माध्यमों का बेहतर इस्तेमाल किया जाए।
प्रदेश प्रभारी ने प्रत्येक जिलाध्यक्ष से करीब 20 मिनट तक अलग-अलग बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जिलेवार संगठन की स्थिति, पार्टी कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी रणनीति को लेकर जानकारी ली। उन्होंने जिलाध्यक्षों से यह भी जाना कि स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए क्या-क्या प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में संजय दत्त ने कांग्रेस सेवादल और महिला कांग्रेस की भूमिका को लेकर भी सवाल किए। उन्होंने जिलाध्यक्षों से पूछा कि पार्टी के कार्यक्रमों में इन संगठनों की भागीदारी कैसी रहती है और क्या इनके पदाधिकारी नियमित रूप से पार्टी आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने संगठन के सभी मोर्चों और विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
प्रभारी ने यह भी जानने की कोशिश की कि कौन-कौन से नेता पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हैं और किन नेताओं की मौजूदगी कम रहती है। उन्होंने जिलाध्यक्षों से संगठन के अंदर सक्रिय और निष्क्रिय नेताओं की स्थिति पर भी चर्चा की। संजय दत्त ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। इसलिए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना जरूरी है। उन्होंने जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखें और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का काम करें।
हरियाणा में आगामी राजनीतिक गतिविधियों को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर ही चुनावी तैयारियों को बेहतर बनाया जा सकता है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश प्रभारी लगातार नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक के दौरान सोशल मीडिया रणनीति पर भी विशेष चर्चा हुई। पार्टी नेताओं को निर्देश दिए गए कि वे केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ कांग्रेस के कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूती से उठाएं।
कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त की जिलाध्यक्षों के साथ हुई यह बैठक संगठन में नई ऊर्जा लाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयारी करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। पार्टी अब जिलों में सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर जोर दे रही है।





