हरियाणा

Sanipat: शराब ठेका लूट का खुलासा, आरोपी के कब्जे से बाइक बरामद

Admindelhi1
29 July 2026 8:51 AM IST
Sanipat: शराब ठेका लूट का खुलासा, आरोपी के कब्जे से बाइक बरामद
x
लूटकांड के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, चोरी की बाइक जब्त

सोनीपत: सोनीपत के मुरथल थाना क्षेत्र में शराब के ठेके पर लूट और सेल्समैन पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान हसनपुर निवासी आशीष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से लूटी गई राशि में से तीन हजार 900 रुपये बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि रविवार को आरोपी शराब के ठेके पर पहुंचा और नकदी लूटने का प्रयास किया। सेल्समैन ने विरोध किया तो आरोपी ने शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी करीब 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन के बयान पर मामला दर्ज किया। इसके बाद घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए 20 जुलाई को मुरथल थाना क्षेत्र से चोरी की गई बाइक का इस्तेमाल किया था। लूट के बाद वह बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से दिल्ली और हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली अपराध शाखा में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज है, जबकि पानीपत के इसराना थाना में लूट का एक मामला लंबित है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान लूटी गई बाकी रकम, वारदात में खर्च किए गए पैसे, उसके साथियों, आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य मामलों में संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी।

Next Story