बिजली कनेक्शन काटने के नियम बदले, अब मोबाइल ऐप से होगी कार्रवाई

हिसार: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेदन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब सभी फील्ड कार्यालयों में परमानेंट डिस्कनेक्शन ऑर्डर (PDCO) की कार्रवाई केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी। निगम प्रबंधन ने मैनुअल प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मंगलवार को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण दिए जाने के बावजूद कुछ कार्यालयों में अभी भी मैनुअल तरीके से कार्रवाई की जा रही थी, जिसे अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत बिजली कनेक्शन काटते समय संबंधित परिसर के आसपास स्थित दो अन्य बिजली कनेक्शनों के अकाउंट नंबर भी ऐप में दर्ज करने होंगे। इससे डिफॉल्टर परिसरों की पहचान करने और नियमों के विरुद्ध नए कनेक्शन जारी होने से रोकने में मदद मिलेगी।
निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से कार्रवाई का रियल-टाइम रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इससे लंबित मामलों की निगरानी, त्वरित निस्तारण और बकाया बिजली बिलों की वसूली में सहायता मिलेगी।
निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थायी डिस्कनेक्शन संबंधी कार्रवाई डिजिटल माध्यम से ही पूरी की जाएगी, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।





