
x
Chandigarh चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने फिरोजपुर में आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता के बेटे की हत्या को लेकर प्रदेश की भगवंत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता ने कहा कि आरएसएस के कार्यकर्ता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की गोली मारकर की गई हत्या ने आप सरकार के राज में कानून व्यवस्था की पोल एक बार फिर खोल दी है। उन्होंने रविवार को राजधानी चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टर समानांतर सरकार चला रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे हैं और उन्होंने पंजाब को लावारिस छोड़ दिया है।
भाजपा प्रधान ने आरएसएस कार्यकर्ता के बेटे की मौत पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पंजाब के लोग दहशत के माहौल में जीने के लिए मजबूर हैं, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को अमन-कानून और सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम रही है। सुनील जाखड़ ने कहा कि हर रोज लोगों को धमकी और फिरौती के लिए फोन कॉल आ रहे हैं और राज्य के किसी न किसी हिस्से में हर रोज कोई न कोई गंभीर वारदात हो रही है। बुरे तत्वों में सरकार का कोई डर नहीं रहा, क्योंकि असल में सरकार चलाने वालों को राज्य प्रबंध की समझ ही नहीं है।
वहीं, पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा ने कहा कि फिरोजपुर में एक हृदय विदारक घटना घटी, जिसमें आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सम्मानित समाजसेवी बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ अरोड़ा परिवार को, बल्कि पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना साफ दिखाती है कि राज्य में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि लोग कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लोगों को सुरक्षा देने की बजाय पंजाब पुलिस की ड्यूटी अरविंद केजरीवाल और दिल्ली से आई उनकी टीम को सौंप दी गई है।
भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में यह पहली घटना नहीं है। हर दिन व्यापारियों, खिलाड़ियों और आम लोगों की हत्या हो रही है, जो पंजाब सरकार की अप्रभावी कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करती है। भाजपा इस बढ़ते अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी, क्योंकि सरकार कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल दिख रही है।
Tagsफिरोजपुरआरएसएस कार्यकर्तानवीन अरोड़ापंजाब भाजपासुनील जाखड़भगवंत मानकानून व्यवस्थाहत्याअश्विनी कुमार शर्माआम आदमी पार्टीअपराधसुरक्षापंजाबजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





