हरियाणा

Rohtak: पत्रकारिता समाज को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण माध्यम: डॉ. पवन

Admindelhi1
25 May 2026 11:30 AM IST
Rohtak: पत्रकारिता समाज को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण माध्यम: डॉ. पवन
x
'राष्ट्र निर्माण में पत्रकारिता की भूमिका पर दिया गया जोर"

रोहतक: विश्व संवाद केंद्र हरियाणा द्वारा देवर्षि नारद जयंती के अवसर पर बदलते परिवेश में पत्रकारिता के लिए चुनौतियां विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यवक्ता डॉ. पवन ने कहा कि राष्ट्रोन्मुख पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रीय चेतना जागृत करना तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना है।

उन्होंने कहा कि मीडिया को समाजहित में रचनात्मक एवं सकारात्मक समाचारों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि ऐसे समाचार लोगों में आशा, प्रेरणा और ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने फेक नैरेटिव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सच्चाई को तोड़-मरोडक़र या झूठ के माध्यम से लोगों को भ्रमित करने का प्रयास होता है। उन्होंने पत्रकारिता में ओरिजिनल कंटेंट की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकार का अपना दृष्टिकोण और मौलिकता ही उसकी पहचान होती है।

इस अवसर पर दूरदर्शन के सेवानिवृत्त उप महानिदेशक एम.एस. दूहन ने कहा कि अन्याय को उजागर करना, सत्ता से सवाल पूछना और बिना किसी डर या पक्षपात के सच को जनता तक पहुंचाना ही सच्ची पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सच लिखने का साहस बनाए रखना पत्रकार का परम धर्म है। इस अवसर पर डॉ. बेनुल तोमर ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसकी वास्तविक शक्ति उसकी विश्वसनीयता व जनसरोकार में निहित है। उन्होंने कहा कि मीडिया को समाज का दर्पण बने रहना चाहिए, न कि स्वयं को सर्वशक्तिमान समझना चाहिए। रोहतक डीपीआरओ संजीव सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए पेंशन, एक्रीडिटेशन एवं वित्तीय सहयोग योजनाओं का उल्लेख किया। इस अवसर पर देवेंद्र कुमार व अर्जुन गुप्ता ने भी अपने विचार सांझा किए।

Next Story