हरियाणा

Rewari: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Admindelhi1
27 Jun 2026 9:57 AM IST
Rewari: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
x
युवक की मौत के कारणों की पड़ताल जारी

रेवाड़ी: रेवाड़ी शहर के व्यस्त रेलवे रोड पर शुक्रवार काे उस समय सनसनी फैल गई, जब राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना कुछ ही देर में आसपास के लोगों तक पहुंची तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके चलते जांच में कुछ कठिनाई आ रही है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक के वहां पहुंचने और घटना से जुड़े संदिग्ध लोगों के बारे में सुराग मिल सके। शहर थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से हत्या की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story