हरियाणा

Rewari: सड़क दुर्घटना में वाटर सप्लायर की मौत, ट्रैक्टर की चपेट में आया

Admindelhi1
10 Jun 2026 6:46 PM IST
Rewari: सड़क दुर्घटना में वाटर सप्लायर की मौत, ट्रैक्टर की चपेट में आया
x
सड़क पर ट्रैक्टर ने ली वाटर सप्लायर की जान

रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले के गांव बिठवाना में एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर के नीचे कुचलने से 50 वर्षीय वाटर सप्लायर की मौत हो गई। घटना मंगलवार शाम की है। सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक की पहचान गांव बिठवाना निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है। उनके भाई राजेश कुमार ने बताया कि ओमप्रकाश ट्रैक्टर-टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई करने का काम करते थे। इन दिनों गांव के पंचायत घर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए पानी की आवश्यकता थी। मंगलवार शाम को ओमप्रकाश पानी का टैंकर लेकर पंचायत घर पहुंचे थे। बताया गया है कि टैंकर खाली करने के बाद उन्होंने ट्रैक्टर को गियर में खड़ा कर दिया।

इसी दौरान अचानक खड़ा ट्रैक्टर स्टार्ट होकर आगे बढ़ने लगा। पास में खड़े ओमप्रकाश ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया और उस पर चढ़ने के लिए दौड़े। हालांकि, जल्दबाजी में उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नीचे गिर गए। गिरते ही ट्रैक्टर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। राजेश कुमार ने बताया कि ओमप्रकाश अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और बुधवार को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की आवश्यक जांच भी कर रही है।

Next Story