हरियाणा

Rewari: हाफ मैराथन से पहले रेवाड़ी में यातायात व्यवस्था बदली

Admindelhi1
5 Sept 2026 4:55 PM IST
Rewari: हाफ मैराथन से पहले रेवाड़ी में यातायात व्यवस्था बदली
x
रेवाड़ी में मैराथन से पहले वाहनों के रूट बदले

रेवाड़ी: रेवाड़ी शहर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में करीब 90 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने शनिवार को यातायात व्यवस्था की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि छह सितंबर को दोपहर 12 बजे तक धारूहेड़ा-गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर एनएच-52 फ्लाईओवर के नीचे से अभय सिंह चौक तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक आउटर सर्कुलर रोड पर राव अभय सिंह चौक, पंडित भगवत दयाल चौक, पोसवाल चौक और राजेश पायलट चौक होते हुए बीएमजी एलिगेंट सिटी तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

नारनौल और महेंद्रगढ़ से गुरुग्राम, दिल्ली व जयपुर जाने वाले वाहन हरि नगर फ्लाईओवर से रेवाड़ी बाइपास, गोकलगढ़, प्रजापति चौक होते हुए एनएच-352 से आगे जा सकेंगे। एनएच-11 का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। गुरुग्राम और दिल्ली से नारनौल व महेंद्रगढ़ जाने वाले वाहन पुलिस लाइन के पास एनएच-352 से एनएच-11 का रास्ता अपना सकेंगे।

रेवाड़ी शहर में आने वाले वाहन रेवाड़ी-धारूहेड़ा रोड से एनएच-352ए, मीरपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे, प्रजापति चौक, गोकलगढ़ और रेवाड़ी बाइपास होकर पहुंच सकेंगे। एनएच-11 से बावल रोड और आईओसी चौक होते हुए भी शहर में प्रवेश किया जा सकेगा।

पटौदी, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाली बसें सर्कुलर रोड से झज्जर चौक होकर चलेंगी। जयपुर व दिल्ली की बसें बावल रोड और एनएच-11 से जाएंगी। मैराथन प्रतिभागियों के वाहनों के लिए नए बस स्टैंड और दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

Next Story