हरियाणा

Rewari: दो मौतों के बाद तीन पशुपालकों पर मुकदमा, रेवाड़ी में मामला गरमाया

Admindelhi1
18 Aug 2026 7:05 PM IST
Rewari: दो मौतों के बाद तीन पशुपालकों पर मुकदमा, रेवाड़ी में मामला गरमाया
x
रेवाड़ी में पशु हमले की घटनाओं पर बड़ा एक्शन, तीन पर केस दर्ज

रेवाड़ी: रेवाड़ी शहर में पांच दिन के भीतर पशुओं के हमले में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम शहर थाना पुलिस ने वृद्ध की मौत के मामले में तीन पशुपालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने मंगलवार को मामले की जानकारी दी।

डीएसपी ने बताया कि गांव धवाना निवासी देवेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने नगर परिषद से शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने का वर्क ऑर्डर लिया हुआ है। पशुराम कॉलोनी में सुनारिया ग्रुप के नाम से उसका कार्यालय है। शिकायत के अनुसार महेश यादव अपनी टीम और स्टाफ के साथ मोहल्ला गुर्जरवाड़ा में आवारा पशुओं को पकड़ने गए थे। टीम ने जब वहां घूम रही गायों को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की तो स्थानीय निवासी इन्द्र गुर्जर, मलखान गुर्जर और फरसा गुर्जर ने प्रशासनिक कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि तीनों ने टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट व हाथापाई पर उतारू हो गए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी जबरदस्ती पकड़ी गई गायों की रस्सियां खोलकर उन्हें छुड़ा ले जाते हैं। विरोध करने पर टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। शिकायतकर्ता के अनुसार 11 अगस्त को माता चौक के पास एक वृद्ध व्यक्ति पर गायों ने हमला किया था। आरोप है कि हमला करने वाली गाय आवारा नहीं, बल्कि आरोपियों की पालतू थी, जिसे सड़क पर खुला छोड़ दिया जाता था। इसी कारण गंभीर हादसा हुआ और वृद्ध की मौत हो गई। बता दें कि पांच अगस्त को सेक्टर-चार निवासी कैप्टन जगराम सिंह यादव और 11 अगस्त को माता चौक निवासी प्रताप सिंह यादव की पशुओं के हमले में मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story